नीमच। जिलेभर में आज सुबह से रूक-रूककर बारिश का दौर जारी है। जिला मुख्यालय पर भी सुबह 11 बजे अचानक आसमान में बादलों ने डेरा जमाया और बारिश की शुरूआत हुई जो खबर लिखे जाने तक जारी रही। झमाझम बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं नागरिकों को भी तेज गर्मी व उमस से निजात मिली। बारिश का पानी सड़कों पर बह निकला। मानसून की पहली ही झमाझम बारिश ने नगर पालिका के स्वच्छता अभियान की भी पोल खोल दी है। नालियों का गंदा पानी व कचरा भी मुख्य सड़कों पर आ गया। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आने से वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

एमपी के 54 जिलों में पहुंचा मानसून-
मध्यप्रदेश के कुल 54 जिलों में मानसून 3 दिन में ही पहुंच गया। सिर्फ एक जिला भिंड बचा है। जहां गुरुवार को मानसून की एंट्री हो जाएगी। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो चुका है। सुबह भोपाल में बूंदाबांदी हुई और बादल छाए हुए हैं। अशोकनगर और रतलाम में सुबह 5 बजे से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश जारी है।

इन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट-
आज ग्वालियर-चंबल संभाग के 3 जिले- श्योपुर, मुरैना-गुना में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 24 घंटे में ढाई से सवा 4 इंच तक बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश होने की संभावना है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया दो लो प्रेशर एरिया (कम दवाब का क्षेत्र) और तीन साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से अगले 4 दिन तक प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। कहीं अति भारी तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। यानी, 24 घंटे के दौरान ढाई से 8 इंच तक पानी बरस सकता है।