सागर। डॉक्टर हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुलपति आवास के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान करीब आधे घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
हादसे में मृत छात्र के परिजनों को दें सहायता राशि
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन को मांगों को लेकर कई बार अवगत करा चुके हैं। लेकिन, कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में 6 जून को एक दुर्घटना में छात्र की मौत हो गई, वहीं तीन छात्र घायल हुए थे। लेकिन, कुलपति ने छात्राओं की स्थिति भी नहीं जानी।
जिला अध्यक्ष बोले- यूनिवर्सिटी को आरएसएस की फैक्ट्री न बनाएं
उन्होंने बताया कि छात्रों की कोई मदद नहीं की गई है। हादसे में मृत छात्र के परिजनों को 50 लाख और घायलों को 5 लाख की राशि दी जाए। विश्वविद्यालय की नियुक्त प्रक्रिया में हुए घोटालों की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। विश्वविद्यालय में नियुक्ति प्रक्रिया ट्रांसपेरेंट की जाए और यूनिवर्सिटी को आरएसएस की फैक्ट्री न बनाया जाए।
कुलपति भवन के सामने बैठकर नारेबाजी करते कार्यकर्ता।
कुलपति भवन के सामने बैठकर नारेबाजी करते कार्यकर्ता।
जिलाअध्यक्ष ने कहा- विश्वविद्यालय में चल रहे अनावश्यक निर्माण कार्य रोके जाएं और जारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाए। अगर दोषी पाए जाते है तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए। विश्वविद्यालय के भवनों में साफ-सफाई और साफ पेय जल की संपूर्ण व्यवस्थाएं की जाए।
यूजी की सीटों को बढ़ाया जाए
जिला अध्यक्ष ने मांग की है कि विश्वविद्यालय का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण छात्रों को आने जाने के लिए बस और वाहन उपलब्ध कराए जाएं। जिससे छात्र समय रहते अपनी क्लास अटेंड कर पाएं। यूजी की सीटों में वृद्धि की जाए और प्रवेश में स्थानीय छात्रों को प्राथमिकता (75ः आरक्षण ) दिया जाए। लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाए। छात्रावास में भोजन की समस्या को हल किया जाए और छात्र-छत्राओं को गुणवत्ता युक्त भोजन का प्रबंध किया जाए।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई झूमाझटकी।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई झूमाझटकी।
दो बाइकों की भिड़ंत में हुई थी छात्र की मौत
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय परिसर में 6 जून की देर रात हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई। हादसे में एक छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं तीन छात्र घायल हुए थे। घटना में बी-फार्मा अंतिम वर्ष के छात्र आशीष अहिरवार (22) निवासी बीना की मौत हुई थी। वहीं राहुल पिता चंद्रलाल (23) निवासी ब्यावरा, संजय यादव (23) निवासी बिहार, मानवेंद्र सिंह (26) निवासी दतिया घायल हुए थे।