मनासा। नीमच जिले के मनासा क्षेत्र एवं ग्रामीण अंचलों में गुरुवार को हुई भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई जगहों पर हादसे भी सामने आए। ऐसा ही एक गंभीर हादसा ग्राम कड़ी और देथल के बीच हुआ, जिसमें एक ही परिवार के दो सदस्य तेज बहाव में बहते-बहते बचे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम आंतरी माता निवासी महेश तोसावत अपने भतीजे दीपक तोसावत के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम देथल की ओर जा रहे थे। रास्ते में कड़ी और देथल के बीच एक रपट पर तेज बारिश के चलते पानी भरा हुआ था। इसके बावजूद दोनों ने रपट पार करने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव में बाइक सहित बह गए और करीब 200 फीट तक पानी में बहते चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सौभाग्यवश दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को जलभराव वाली रपटों से दूर रहने की चेतावनी दे रहा है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि बरसात के दौरान खतरनाक स्थलों पर चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।