सागर। डॉक्टर हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय का 33वां दीक्षांत समारोह 21 जून शुक्रवार को होगा। गुरुवार को विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में इसकी फाइनल रिहर्सल हुई। रिहर्सल में विद्वत शोभायात्रा और मेडल वितरण की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
रिहर्सल में कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, कार्यपरिषद सदस्य और अधिकारी शामिल हुए। कुलपति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। समारोह में भाग लेने वाले पंजीकृत विद्यार्थियों को डिग्री फाइल और ड्रेस सामग्री (पगड़ी व स्टोल) दी गई।
मुख्य अतिथि रहेंगे नितिन गडकरी
समारोह में पद्म विभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य को मानद डी लिट् उपाधि दी जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े मौजूद रहेंगे।
नवीन भवनों का होगा लोकार्पण
दीक्षांत समारोह के दौरान तीन नवीन भवनों- आचार्य सुश्रुत भवन, आचार्य पीसीरे भवन और स्वदेशी भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा।
957 विद्यार्थी लेंगे उपाधि
मुख्य समन्वयक प्रो. नवीन कानगो ने बताया कि समारोह के लिए 1225 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 957 विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल होकर डिग्री प्राप्त करेंगे। इसमें पीजी के 426, यूजी के 482 और पीएचडी के 49 विद्यार्थी शामिल हैं।