भोपाल। गुरुवार को एक राशन दुकान में दबिश देने पहुंची खाद्य विभाग की टीम को अजीब स्थिति नजर आई। दुकानदार ने बताया कि गेहूं उपलब्ध नहीं है। इसलिए वितरण नहीं किया जा रहा, जबकि जब स्टॉक जांचा तो 112 कट्टी में 56 क्विंटल गेहूं रखा मिला।
वार्ड-44 स्थित ओल्ड सुभाष नगर की राजेंद्र प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार की शासकीय उचित मूल्य दुकान में यह मामला सामने आया। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया, जांच दौरान विक्रेता ने जानकारी दी कि दुकान में गेहूं उपलब्ध नहीं होने के कारण वितरण नहीं किया जा रहा है, लेकिन जांच के दौरान मशीन में गेहूं 5632 किलो प्रदर्शित पाया गया। वहीं, दुकान में 112 कट्टी बोरी में 56 क्विंटल भंडारित पाया गया।
कई ग्राहक गेहूं खरीदने पहुंचे थे
जिस समय टीम जांच के लिए राशन दुकान पर पहुंची, तब कई ग्राहक गेहूं लेने पहुंचे थे। खाद्य विभाग की टीम ने उन सभी से भी बात की और बयान दर्ज किए। जिला आपूर्ति अधिकारी जादौन ने बताया कि वे खुद औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
स्टॉक से ज्यादा मिला चावल
दुकान में गेहूं के अलावा चावल की जांच भी की गई। इस दौरान 17.5 क्विंटल चावल स्टॉक से अधिक पाया गया। जिसे जब्त कर प्रकरण बनाया गया।