भोपाल। 21 जून को विश्व योग दिवस पर प्रदेश के शहरी इलाकों में हर वार्ड और ग्रामीण इलाकों में हर गांव और पंचायत मुख्यालय पर योग कार्यक्रम कराए जाएंगे। इसके लिए जीएडी ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर कहा है कि योग कराने के लिए राज्य सरकार के जन अभियान परिषद के साथ बाबा रामदेव के पतंजलि योग संस्थान, एमपी योग आयोग, श्रीरामचंद्र मिशन हार्टफुल संस्थान समेत अन्य संस्थाओं की मदद ली जा सकती है।
जीएडी के निर्देशों में कहा गया है कि सभी आयोजकों का कार्यक्रम का पंजीयन कराना होगा। योग दिवस के कार्यक्रम जिले के पंचायत मुख्यालयों और गांवों तथा नगरीय निकायों के मुख्यालयों और सभी वार्डों में कराया जाना है। इन सब में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी होनी चाहिए। इसके लिए भारत सरकार द्वारा योग निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन भी करना होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने कहा है कि पतंजलि योग संस्थान, एमपी योग आयोग, श्रीरामचंद्र मिशन हार्टफुल संस्थान, जन अभियान परिषद से संबद्ध योग इंस्ट्रक्टर, योगा वॉलंटियर की सूची जिलों को भेजी जाएगी। इसके लिए आयुष विभाग के माध्यम से 19 व 20 जून को ट्रेनिंग देने का काम भी किया जाएगा।
सीएम कर चुके तैयारियों की समीक्षा, कवर्ड एरिया चुनने कहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा दो दिन पहले कर चुके हैं। उन्होंने अफसरों से कहा है कि योग दिवस पर बारिश की आशंका के मद्देनजर योग कार्यक्रम के लिए ऐसे स्थान का चयन किया जाए, जो कवर्ड हो। योगाभ्यास स्थल पर पानी का जमाव न होने पाए, कार्यक्रम स्थल तक सहज पहुंच और पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास कार्यक्रम यथासंभव स्कूल, महाविद्यालय, मेडिकल कॉलेज या ऐसी अन्य शिक्षण संस्थाओं के कवर्ड कैम्पस में आयोजित किए जाएं।
इस वर्ष केन्द्र सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग तय की गई है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को सुबह 6 से 6ः20 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम एवं जनप्रतिनिधियों के उद्बोधन होंगे। सुबह 6ः20 से 6ः30 बजे तक भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सुबह 6ः30 से 7 बजे तक विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सुबह 7 से 7रू45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल का सामूहिक योगाभ्यास सभी प्रतिभागियों द्वारा किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।