इंदौर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को इंदौर के राजवाड़ा पर सामूहिक योग का कार्यक्रम होगा। पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से यह आयोजन पहली बार इस ऐतिहासिक इमारत में किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे।
इस आयोजन की व्यापक तैयारियां जारी हैं। गुरुवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
मंत्री सिलावट ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी हो जाएं। कार्यक्रम 21 जून को सुबह ठीक 6 बजे से प्रारंभ होगा। सुबह 6.30 बजे से 6.40 बजे तक भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सुबह 6.40 बजे से 7 बजे तक विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण होगा। सुबह 7 बजे से 7:45 तक सामान्य योग प्रोटोकाल का योगाभ्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थी, युवा, नागरिक आदि सामूहिक योग करेंगे। बताया गया कि कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मेयर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और सभी विधायक मौजूद रहेंगे। इस बार पीएम की मंशानुसार योग के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए 11वें विश्व योग दिवस पर प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग दिवस का यह कार्यक्रम ष्एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योगष् थीम पर हो रहा है।