खरगोन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार देश की सीमा पर जान की बाजी लगाने वाले और सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों तथा खेतों में कड़ी मेहनत कर अन्न पैदा करने वाले किसानों के सम्मान के लिए काम कर रही है। हमारी सरकार कमजोर और गरीब वर्ग की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। गरीब आदमी की जिंदगी में दो वक्त की रोटी और सुख की नींद नसीब हो इसके लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 जून को खरगोन जिले के बेड़िया में विश्व सिकलसेल दिवस पर आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 266 करोड रुपए की लागत की 24 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया तथा सिकलसेल के मरीजों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति के प्रमाण पत्र तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक सचिन बिरला, राजकुमार मेव, बालकृष्ण पाटीदार, छाया मोरे, जिला भाजपा अध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनु बाई तंवर, उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार, कलेक्टर भव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं आधिकारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर तरक्की कर कर रहा-
मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर तरक्की कर रहा है और विश्व में देश का नाम हो रहा है। हमारी सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं की जिंदगी बदलने और उन्हें खुशहाल बनाने का काम कर रही है। निमाड़ क्षेत्र में मां नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचाया जा रहा है और इससे खेतों में फैसले लहलहा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को सम्मान निधि देने की योजना बनाई है और किसानों को इसका लाभ भी मिल रहा है। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां गेहूं पर किसानों को प्रति क्विंटल 2600 रुपए दिए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार कृषि को प्रोत्साहन दे रही है और किसानों को उद्यमी बनने के लिए काम कर रही है। प्रदेश सरकार कपास से धागा बनाने, उससे कपड़ा बनाने और रेडीमेड गारमेंट की फैक्ट्री लगाने का आंदोलन चला रही है। प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी काम कर रही है और किसानों को अनुदान पर सोलर पैनल कनेक्शन दिया जाएगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और वह अपने संयंत्र में पैदा होने वाली अतिरिक्त बिजली प्रदेश सरकार को बेच भी सकेंगे। प्रदेश सरकार ने मूंग और उड़द के समर्थन मूल्य पर खरीदी के इंतजाम किए हैं। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। देश में दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश की भागीदारी अभी 09 प्रतिशत है इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। जिन किसानों को गाय भैंस पालन के लिए 25 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।