मंदसौर। शहर में पशुपतिनाथ मंदिर से सटी शिवना नदी में विधायक विपिन जैन की अगुवाई में पिछले 49 दिनों से प्रतिदिन चल रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान का सिलसिला अब थम सा गया है। 1 मई से शुरू हुए इस अभियान में 17 हजार 438 लोगों ने भागीदारी की है, जिसमें श्रमदानियों ने 459 ट्राली जलकुंभी और गाद शिवना नदी से निकाली है।
विधायक विपिन जैन ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए अब ये अभियान प्रत्येक दिन नहीं बल्कि हफ्ते में एक बार हर रविवार को चलाया जाएगा, हमने शिवना के जल को स्वच्छ करने का संकल्प लेते हुए इस शिविर को शुरू किया है। नदी के किनारों की सफाई और रंगाई-पुताई की गई है तो वहीं पौधरोपण का कार्य भी प्रारंभ किया है।
विधायक सहित कई लोग लगातार श्रमदान में शामिल रहे-
कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि 49 दिनों में कुल 98 घंटे श्रमदान हुआ। विधायक विपिन जैन सहित कई लोग लगातार श्रमदान में शामिल रहे। नगरपालिका कर्मचारी, विभिन्न समाज, सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल, महिलाएं, युवा और बुजुर्गों ने इस अभियान में योगदान दिया। अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, शिवना का सौंदर्यीकरण जल्द पूरा होगा।