मनासा। नगर में बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और आमजन में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा नेता दिनेश राठौर ने नाराजगी जताई है।
जानकारी देते हुए राठौर ने कहा कि बुलेट चालकों द्वारा कंपनी द्वारा लगाए गए साइलेंसरों को हटाकर गोली और पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगाए जा रहे हैं, जो न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं, बल्कि नगरवासियों, विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों में भय का वातावरण उत्पन्न कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे साइलेंसर 120 से 130 डेसीबल तक की आवाज पैदा करते हैं, जो मानवीय स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं। बावजूद इसके, अभी तक मनासा पुलिस द्वारा इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ऐसे वाहन चालकों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नगर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।