मंदसौर। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित 91.58 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज किया है। यह कार्रवाई वर्ष 2025 में दर्ज 30 मादक पदार्थ तस्करी प्रकरणों के तहत की गई है, जिनमें तस्करों एवं उनके परिजनों की कुल 134.76 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियों की पहचान की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा वित्तीय अनुसंधान के बाद सक्षम अधिकारी – SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators [Forfeiture of Property] Act, 1976) को फ्रीजिंग प्रस्ताव भेजे गए। सुनवाई के पश्चात SAFEMA न्यायालय, मुंबई ने 26 मामलों में 91.58 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि की है।
सजा और नए प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई-
इन 30 प्रकरणों में से 18 मामलों में आरोपी तस्करों को NDPS एक्ट के तहत 10 वर्षों या उससे अधिक की सजा दी जा चुकी है। इसके अलावा, 1 जुलाई 2024 से प्रभावी भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत लंबे समय से फरार चल रहे 6 आरोपियों के विरुद्ध धारा 209 BNS के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
फरार आरोपियों की सूची इस प्रकार है-
क्रम थाना नाम आरोपी अपराध क्रमांक धारा फरारी की तिथि
1 मल्हारगढ़ दीपक पिता राजेन्द्र मोड़, ग्राम लदुना 114/25 209 BNS 09.10.2024
2 मल्हारगढ़ भरत पिता बंशीलाल पाटीदार, हतुनिया 119/25 209 BNS 17.10.2024
3 नाहरगढ़ लियाकत पिता उबेदुल्ला खान, चाचुरनी (राज.) 203/25 209 BNS 13.11.2024
4 पिपलियामंडी दिलीप पिता भेरूलाल पाटीदार, गुड़भेली 196/25 209 BNS 08.12.2024
5 पिपलियामंडी राम किशन उर्फ किशन पिता भंवरलाल, गुड़भेली 197/25 209 BNS 08.12.2024
6 सीतामउ जाकिर पिता सरदार खान, लदुना 391/25 209 BNS 06.11.2024
अभियान के नेतृत्व में-
यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत हुई है। इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा, आईजी मनोज कुमार सिंह, एवं एसपी मंदसौर अभिषेक आनंद द्वारा किया जा रहा है। मंदसौर पुलिस की यह सर्जिकल स्ट्राइक न केवल तस्करों पर सख्त संदेश है, बल्कि तस्करी से अर्जित काली कमाई पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक निर्णायक कदम भी है।