शाजापुर। शुजालपुर में शुक्रवार 20 जून को सेवा और संवेदना के संदेश के साथ दो स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुए। एक ओर सिविल अस्पताल शुजालपुर मंडी में जेके लक्ष्मी सीमेंट समूह के सौजन्य से शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 40 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, वहीं दूसरी ओर भारतीय स्टेट बैंक शाखा, एसडीएम बंगले के सामने, अपनी 219वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें नगरवासियों का उत्साह देखने लायक रहा।
एसबीआई शाखा पर आयोजित शिविर में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से पहुंचे और रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़े इस प्रकार के आयोजनों को जरूरी बताते हुए कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि ज़रूरतमंदों को समय पर जीवन रक्षक सहायता मिल सके। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अनिल सोनी, मनोज कोटवानी, अभिभाषक आलोक श्रीवास्तव, हेमंत सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
काउंसलर जया माहेश्वरी ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति बिना किसी नुकसान के रक्तदान कर सकता है और इससे कोई कमजोरी नहीं आती। दोनों स्थानों पर रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र के साथ स्मृति स्वरूप उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।