रतलाम। शनिवार सुबह से हो रही बारिश के बीच सैलाना रोड स्थित विधायक सभा गृह में विश्व योग दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी और विद्यार्थी शामिल हुए।
इस दौरान विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि योग दिवस पर उन्हें और बच्चों को सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, योग करें, स्वस्थ रहें और मस्त रहें। वहीं महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा रामदेव के आग्रह पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का आह्वान किया था।उन्होंने कहा कि योग से न केवल शरीर बल्कि पूरा विश्व स्वस्थ रह सकता है। महापौर ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि धरती को पॉलिथीन, डिस्पोजल और कचरे से बचाकर, हरियाली बढ़ाकर ही स्वच्छ आहार और शुद्ध जल प्राप्त किया जा सकता है।
योग के बाद पतंजलि योग पीठ समिति ने उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरलाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने लोगों को शपथ दिलाई।