नीमच। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नीमच जिले के लेवड़ा स्थित प्रसिद्ध श्री शिव शक्ति धाम में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। चमत्कारी शिव शक्ति धाम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना की और गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली परंपरा को नमन किया।
महोत्सव में मालवा-मेवाड़ के जाने-माने समाजसेवी अशोक अरोरा (गंगानगर) विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लिया और कहा कि गुरु ही जीवन के सच्चे पथ-प्रदर्शक होते हैं। इस अवसर पर उन्होंने भक्तों के बीच पहुंचकर चमत्कारी धाम की महिमा का गुणगान किया और बताया कि यह स्थान आस्था और चमत्कारों का प्रतीक बन चुका है।
श्रद्धालुओं ने भी शिव शक्ति धाम में हुए कई चमत्कारों का अनुभव साझा किया। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना और मन्नतों के पूर्ण होने के उदाहरण देखे हैं। किसी ने अपने बीमार परिजन के स्वास्थ्य लाभ की बात की तो किसी ने नौकरी और संतान सुख की प्राप्ति को शिव शक्ति धाम की कृपा बताया।
महोत्सव के दौरान पूरे धाम परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था। धार्मिक आयोजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वॉइस ऑफ एमपी ने इस आयोजन का सीधा प्रसारण कर श्रद्धालुओं को घर बैठे इस अलौकिक आयोजन से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
गुरु पूर्णिमा के पर्व को लेकर नीमच जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में भी विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्तों ने मंदिरों में दर्शन कर, भंडारे में भाग लेकर और गुरुजनों का सम्मान कर पर्व की गरिमा को बढ़ाया। शिव शक्ति धाम, लेवड़ा में आयोजित यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा की पवित्रता और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक भी प्रस्तुत करता है।