छायन। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच शनिवार सुबह बाबा सांवलिया सेठ के जयकारों के साथ ग्राम छायन से मंडफिया धाम के लिए विशाल पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्री सांवलिया मित्र मंडल, ग्राम छायन के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए और बाबा सांवलिया सेठ के दर्शन एवं हाजिरी लगाने के लिए रवाना हुए।
पदयात्रा का शुभारंभ 1 अगस्त 2026, शनिवार प्रातः 5 बजे चारभुजानाथ मंदिर से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और बाबा के जयघोष करते हुए मंडफिया धाम की ओर बढ़े, जिससे पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि यह दो दिवसीय पदयात्रा है। यात्रियों के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर चाय, नाश्ता, पेयजल एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रथम दिन यात्रा के बाद निंबाहेड़ा में रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद दूसरे दिन श्रद्धालु मंडफिया धाम पहुंचकर बाबा सांवलिया सेठ के दर्शन करेंगे तथा भगवान को भोग अर्पित कर महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा सांवलिया सेठ का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने भी पदयात्रियों का स्वागत कर सेवा भाव का परिचय दिया।