चित्तौड़गढ़। अन्नपूर्णा भोजनशाला समिति की तीसरी वार्षिक आमसभा गोपाल गौशाला में आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष अमरकंठ उपाध्याय ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा ईश्वरीय कार्य है। उन्होंने भोजनशाला द्वारा पिछले चार वर्षों से झांतला माता मंदिर परिसर में बीमार मरीजों एवं उनके परिजनों को निरंतर निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने की सराहना की।
समिति के संरक्षक राधेश्याम आमेरिया ने स्वागत उद्बोधन के साथ वर्ष 2024-25 की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समिति अध्यक्ष नंदकिशोर पारीक ने गत बैठक की कार्यवाही एवं वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण रखा। सचिव राकेश स्वर्णकार ने बताया कि वर्ष 2024-25 की अंकेक्षित वार्षिक रिपोर्ट एवं आय-व्यय पुस्तिका का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां अन्नपूर्णा के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजन से हुआ। मुख्य अतिथि सहित समिति पदाधिकारियों का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। भोजनशाला की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ओंकारदास वैष्णव, निर्मला सुथार एवं सम्पत देवी का भी सम्मान किया गया।
आमसभा में शांतीलाल भराड़िया, महेश कुमार अग्रवाल, सम्पतलाल सारस्वत, प्रहलाद राय पाराशर, दिनेशचंद्र पुरोहित, प्रेमशंकर पालीवाल सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के लिए सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।