नीमच। भारतीय सेना में 22 वर्षों तक राष्ट्र सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व निभाने वाले ग्राम केलुखेड़ा निवासी वीर सैनिक राजकुमार पाटीदार के सेवानिवृत्ति उपरांत स्वगृह आगमन पर 3 अगस्त को भव्य स्वागत यात्रा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों के अनुसार 3 अगस्त (सोमवार) को दोपहर 3 बजे स्वागत यात्रा हथियारखाल सांदा से प्रारंभ होकर ग्राम केलुखेड़ा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ग्रामीणजन, सामाजिक संगठन, युवा, वरिष्ठ नागरिक एवं जनप्रतिनिधि पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ सैनिक का स्वागत करेंगे।
राजकुमार पाटीदार ने भारतीय सेना में लगभग 22 वर्षों तक देश की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
ग्रामवासियों का कहना है कि सैनिक का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा समाज को सैनिकों के त्याग और समर्पण का सम्मान करना सिखाते हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस गौरवपूर्ण अवसर के सहभागी बनने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल एक सैनिक का सम्मान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है।