नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत जावद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आई-20 कार से चार कट्टों में भरा 80 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को मोरका फंटा पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार चालक रामप्रसाद धाकड़ (29), निवासी रायलाकुआं शास्त्री मार्ग, जावद को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सउनि अर्पिता बोहरा, प्रआर शैलेंद्र सिंह, नटराज सिंह झाला, सुरेश पाटीदार, श्याम सिंह देवड़ा, सुनील डिंडोर और पंकज कुमावत की सराहनीय भूमिका रही।