नीमच। रेडक्रॉस सोसायटी चुनाव में कथित धांधली और वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सोमवार को 40 चौराहा स्थित भारत माता प्रतिमा पर ज्ञापन सौंपकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसे हालात में प्रशासन को ज्ञापन देने का कोई औचित्य नहीं है, इसलिए उन्होंने सीधे भारत माता को ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि 16 साल बाद 25 अगस्त को रेडक्रॉस सोसायटी का चुनाव संपन्न हुआ था। शांतिपूर्ण मतदान के बाद जैसे ही मतगणना शुरू होने वाली थी, तभी प्रशासन ने अचानक प्रक्रिया रोक दी। आरोप है कि यह कदम सत्ताधारी दल के दबाव में उठाया गया।
कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में लिखा है कि यह केवल एक संगठन का चुनाव नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास का प्रश्न है। यदि इन्हें राजनीतिक दबाव में चलाया जाएगा तो जनता का भरोसा टूट जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में भारत माता चौराहा पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।