पिपलियामंडी। 18 अगस्त की रात पिपलिया मंडी के 15 वर्षीय बालक अजय की मौत झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से हो गई। अजय को सर्दी-जुकाम पर टीलाखेड़ा निवासी सोनू राठौर ने अपने श्री सांवलिया हेल्थ केयर सेंटर (गांव रिछा) में बोतल चढ़ाई। बोतल आधी चढ़ते ही हालत बिगड़ी और निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने किसान नेता श्यामलाल जोकचंद की अगुवाई में एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी पर कड़ी धाराएं लगाने की मांग की।

एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि आरोपी पर मर्ग कायम कर एफआईआर दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी के बाद वह जमानत पर बाहर है। पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
