नीमच/भोपाल। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की बजाय उद्योगपतियों की हितैषी बनी हुई है। किसानों को न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल पाया और न ही खेती की लागत कम हुई है।
अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने 2014 में फसल का दोगुना मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन आज 11 साल बाद भी किसान लागत निकालने को तरस रहा है। खेती से जुड़ी हर वस्तु बीज, खाद, कीटनाशक, डीजल, बिजली, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर दृ पर जीएसटी और टैक्स लगाकर सरकार ने किसानों की लागत बढ़ा दी है। 2014 में जहां खेत की जुताई 300 रुपए प्रति बीघा होती थी, आज वही लागत 600 रुपए तक पहुँच गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उद्योगपतियों के लिए नीतियाँ बना रही है, जबकि किसानों के लिए कोई ठोस योजना नहीं लाई गई। अग्रवाल ने मांग की कि अगर सरकार सचमुच किसानों की लागत कम करना चाहती है तो कृषि उपयोगी वस्तुओं से जीएसटी हटाए, डीजल बिना टैक्स 30 रुपए लीटर में उपलब्ध कराए और किसानों को निशुल्क बिजली दे।