मनासा। थाना क्षेत्र के पिपलिया रुंडी गांव में गुरुवार सुबह गंभीर घटना सामने आई। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने एक महिला को सरकारी हैंडपंप से पानी भरने से रोक दिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान की मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।

पीड़िता ने महिला थाना मनासा में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि सुबह करीब 8 बजे जब वह हैंडपंप से पानी भरने पहुंची, तो रायसिंह की पत्नी ने उसे रोककर बर्तन फेंक दिए। इसके बाद रायसिंह, हजारी, बन्ने सिंह और विजय सिंह ने रास्ते में रोककर जातिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि वह नीची जाति की है और हैंडपंप से पानी नहीं भर सकती। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की चीखें सुनकर उसके सास-ससुर मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप है कि मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
