नीमच। जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए 27-28 अगस्त की रात पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में चले इस अभियान के तहत 100 फरार आरोपियों के वारंट तामील किए गए। इनमें 25 स्थायी और 75 गिरफ्तारी वारंट शामिल थे।
वारंट में एनडीपीएस एक्ट के 2, शरीर संबंधी अपराधों के 50 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 18 मामले शामिल रहे। पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में लिप्त 4 आदतन आरोपियों की चेकिंग की, वहीं 69 गुंडों व निगरानी बदमाशों की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान 15 आबकारी अधिनियम और एक शस्त्र अधिनियम के तहत नए मामले दर्ज हुए। पुलिस ने धारा 173(8) के तहत वांछित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान टीमों ने 76 होटल, लॉज और ढाबों की जांच की तथा वाहन चेकिंग में 6 चालान बनाते हुए 6,000 रुपए का शमन शुल्क वसूल किया।
गणेश उत्सव को लेकर थाना क्षेत्रों में स्थापित प्रतिमाओं के पंडालों का भी निरीक्षण किया गया और वहां मौजूद वॉलेंटियरों की चेकिंग की गई।
एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि फरार आरोपियों और अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों को इनाम दिया जाएगा तथा उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।