नीमच। गणेश चतुर्थी के अवसर पर नीमच शहर में मांस विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद मूलचंद मार्ग और इंदिरा नगर क्षेत्र में एक मांस की दुकान खुली मिली। सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
नगर पालिका कर्मचारियों हेमंत कलोसिया, गोपाल नरवले और ऋषि कलोसिया ने दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में मांस का विक्रय किया जा रहा था। टीम ने तत्काल दुकान संचालक का चालान बनाया और वहां मौजूद मांस को जब्त कर नष्ट कर दिया।
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई धार्मिक भावनाओं के सम्मान और प्रशासनिक आदेशों के पालन में की गई है। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि किसी ने नियमों का उल्लंघन किया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब पूरा शहर भक्ति और आस्था में डूबा हुआ है, ऐसे समय में नियमों का उल्लंघन अस्वीकार्य है।
नगर पालिका ने दोहराया कि इस प्रकार की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन शहर में शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्रवाई त्योहारों की गरिमा और नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।