हरदा। शुक्रवार को सकल हिंदू समाज के लोगों ने एक्टिविस्ट आनंद जाट के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग नेहरू स्टेडियम में इकट्ठा हुए और रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
5 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया
नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया ने आनंद जाट पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आनंद ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी की है और उन्हें व उनके पति को ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले आनंद ने भाजपा पार्षद बिंदु गुर्जर पर झूठे आरोप लगाए थे।
समाज के सदस्यों का कहना है कि आनंद जाट सोशल मीडिया पर गलत माहौल बना रहे हैं। उन पर आरोप है कि वे वैदिक विद्यापीठम के संघ से जुड़े पूर्व प्रचारक निरंजन शर्मा की छवि खराब कर रहे हैं और व्यापारियों को ब्लैकमेल कर रहे हैं।
आनंद जाट ने पुलिस पर लगाए आरोप
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर मुकाती ने कहा कि ऐसे लोगों से समाज में डर का माहौल बन रहा है। वहीं, दो दिन पहले आनंद जाट और उनकी पत्नी सोनम धामा ने पुलिस पर झूठे आरोपों में फंसाने का आरोप लगाया था। एक्टिविस्ट ने कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की भी चेतावनी दी थी।