मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 228 के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल मनासा के सोशल मीडिया प्रभारी एवं नगर परिषद वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद प्रतिनिधि दिनेश राठौर ने एक प्रेस नोट जारी कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान की कड़ी निंदा की है।
राठौर ने कहा कि मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों को लेकर जीतू पटवारी ने जो शर्मनाक टिप्पणी की है, वह महिलाओं के सम्मान पर सीधा आघात है। जिस प्रदेश अध्यक्ष के मुख से महिलाओं के सम्मान की बात नहीं निकल सकती, उसे पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पटवारी को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
राठौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की सोच और बुद्धि पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है, तभी इस प्रकार के बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि पूरे मध्यप्रदेश में महिलाएं सबसे अधिक शराब का सेवन करती हैं, जो अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है।
उन्होंने आगे कहा कि 1 सितंबर को जीतू पटवारी नीमच आ रहे हैं, किंतु नीमच की पावन धरा पर ऐसे कलंकित प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत नहीं होगा। राठौर ने नीमच जिले की सभी लाड़ली बहनों से अपील की कि वे इस अपमानजनक बयान का विरोध करें। राठौर ने स्पष्ट किया कि 1 सितंबर को नीमच में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध तीव्र विरोध दर्ज कराया जाएगा और उनका जिले में प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा।