मंदसौर। राज्य सभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर का जन्मदिन उनके निवास स्थान लालघाटी मंदसौर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बधाई एवं शुभकामनाओं का सिलसिला आरंभ हो गया था, जो देर शाम तक लगातार चलता रहेगा। जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर जिले एवं संसदीय क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

भाजपा के छोटे-से-छोटे कार्यकर्ता से लेकर नीमच, मंदसौर और जावरा संसदीय क्षेत्र से जुड़े दिग्गज नेता बड़ी संख्या में उनके निवास पर पहुंचे। सभी ने पुष्पमालाएं भेंट कर एवं शाल-श्रीफल से स्वागत करते हुए जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह से उत्सवमय नजर आया। भाजपा मंडल पिपलियामंडी, पोरवाल समाज और कृषि उपज मंडी व्यापारी सहित महिला मोर्चा मंदसौर की टीमों ने भी सामूहिक रूप से गुर्जर का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें अपने लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत हो रहा है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे दिन उनके निवास स्थान पर जनसैलाब उमड़ता रहा। ग्रामीण अंचलों से आए अनेक समर्थकों ने भी जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सांसद गुर्जर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और कार्यकर्ताओं का सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि वे निरंतर किसानों, युवाओं और आमजन के हित में काम करते रहेंगे। इस तरह लालघाटी स्थित निवास पर जन्मदिन का यह उत्सव पूरे दिन राजनीतिक और सामाजिक सरोकारों के बीच उल्लास और उमंग से भरा रहा।
