मंदसौर। जिले के समग्र विकास एवं नीतिगत निर्णयों में समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंदसौर में “सिटीजन फोरम” का गठन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर अदिती गर्ग ने जिले के समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, सेवा निवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जागरूक नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की।
कलेक्टर गर्ग ने कहा कि सिटीजन फोरम का उद्देश्य जिले के जागरूक और पढ़े-लिखे नागरिकों को एक मंच पर लाकर उनके ठोस सुझावों को नीतिगत निर्णयों में शामिल करना है। यह फोरम लगातार सक्रिय रहेगा और समय-समय पर नागरिकों के विचार, सुझाव और आइडिया साझा करता रहेगा।
उन्होंने बताया कि फोरम का मकसद केवल निजी हितों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि समाज के व्यापक हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके माध्यम से सामाजिक ग्रुपिंग बनेगी, जहां विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर पॉलिसी निर्माण, सुझाव एवं उसके क्रियान्वयन पर गहन चर्चा करेंगे।
एजेंडा आधारित बैठकें में फोरम को बुलाया जाएगा। जिसमें शहर और जिले के अहम मुद्दों पर गहन विमर्श होगा। सभी जिम्मेदार और प्रोफेशनल लोग अपने अनुभव साझा करेंगे। योजना समिति में भी फोरम के व्यक्तियों को जोड़ेंगे।