कुकड़ेश्वर। नगर में आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली जैसे प्रमुख त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस थाना कुकड़ेश्वर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया, तहसीलदार नवीन सालोत्रा, नगर परिषद के सीएमओ प्रतिनिधि रमेश मोदी, पत्रकारगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में नगर में आयोजित होने वाले गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधा, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे, सहयोग और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
नवरात्रि के गरबा आयोजनों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। समिति ने निर्णय लिया कि श्रद्धालु और युवा वर्ग गरबों का आनंद बिना किसी असुविधा के ले सकें, इसके लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।