मनासा। अश्विन नवरात्रि पर्व के आयोजन को लेकर शुक्रवार देर शाम मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर सहित आसपास के गांवों से गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में सभी सदस्यों ने दुर्गा पूजा को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया। थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए।
बैठक में बाजार समिति के सदस्यों ने दुर्गा मंदिर, गरबा पंडालों और दशहरा विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग रखी। वहीं अन्य पूजा समिति सदस्यों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी प्रस्तुत कीं।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि गरबा आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पूजा पंडालों के लिए अनुज्ञप्ति लेना आवश्यक है। उन्होंने अफवाहों से बचने और शरारती तत्वों पर नजर रखने की बात कही। साथ ही बताया कि गरबा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।