नीमच। जिले के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में 'सेवा पखवाड़ा' के तहत दिव्यांगजनों और 'पंख अभियान' के अंतर्गत बांछड़ा समुदाय के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक सराहनीय पहल की गई।
शुक्रवार को कलेक्टोरेट में आयोजित कार्यक्रम में, सीएसआर मद एवं ग्रीनको के सहयोग से पांच दिव्यांगजनों और पंख अभियान के तहत पांच युवाओं को स्मार्ट ई-रिक्शा प्रदान किए गए। सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी। इस अवसर पर सांसद और विधायक ने फीता काटकर वितरण किया। सांसद गुप्ता ने दिव्यांग दीपमाला के रिक्शा की सवारी की और शगुन स्वरूप किराया देकर इस पहल को प्रोत्साहित किया।
ई-रिक्शा वितरण से लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कलेक्टर सभाकक्ष में रेड क्रॉस और उप-संचालक सामाजिक न्याय द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एल्पिको की ओर से 21 दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र, छड़ी और व्हीलचेयर जैसे उपकरण वितरित किए गए।
सेवा पखवाड़ा के दौरान जिले के कुल 222 चयनित दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं। सांसद, विधायक और कलेक्टर ने सभी लाभार्थियों को बधाई दी और प्रशासन की इस पहल को समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू, रेड क्रॉस सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा, लोकेश चांगल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव और डिप्टी कलेक्टर पराग जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।