नीमच। विगत कई दिनों से शहर की विभिन्न कालोनियों में विद्युत कंपनी द्वारा अलग-अलग दिनों में लगातार 4-5 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी असंतोष फैल गया है।
शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुकेश कालरा ने इस पर कड़ा रुख अपनाया और कहा कि ग्रीष्मकाल में भी मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत कटौती की गई थी। आमजन ने यह मानकर सहन किया कि वर्षाकाल में स्थिति सामान्य होगी, लेकिन वर्तमान में साल में तीन से चार बार कई-कई घंटे तक कटौती की जा रही है, जिससे नागरिक और व्यापारी दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
कालरा ने बताया कि विगत वर्षों में मेंटेनेंस केवल एक बार साल में किया जाता था, जबकि अब त्योहारों और व्यस्त सीजन के समय में भी लगातार बिजली काटी जा रही है। इससे व्यापारिक गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और आमजन अत्यधिक परेशान हैं।
उन्होंने विद्युत कंपनी से मांग की कि जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को सुधारा जाए और बिना कारण उपभोक्ताओं को कटौती के नाम पर प्रताड़ित करना बंद किया जाए। साथ ही स्थानीय शिकायत नंबर जो अक्सर बंद आता है या रिप्लाई नहीं देता, उसे सुचारू रूप से चालू रखा जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में या शिकायत दर्ज कराने के लिए उपभोक्ता सुविधा से संपर्क कर सके।
मुकेश कालरा ने स्पष्ट किया कि विद्युत उपभोक्ताओं को उनकी जानकारी और सुविधा उपलब्ध कराना सरकार और कंपनी की जिम्मेदारी है।