रामपुरा/नीमच। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर रामपुरा सरकारी अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश की संस्था बी.आर. फाउंडेशन ने रक्तदाताओं और रक्तवीरांगनाओं का सम्मान किया। संस्था के रक्तदाताओं ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। युवाओं और आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान में भाग लिया। इस दौरान 50 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया।
बीआर फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण के क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत है। संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन करती है और जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराती है। इसके अलावा, रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। संस्था का उद्देश्य जिले में रक्त की कमी न होने देना और सभी को पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना है। संस्था के जिला संगठन मंत्री प्रकाश बामनिया ने कहा कि इस मानव सेवा के पुनीत कार्य में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में रामपुरा अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर प्रमोद पाटीदार, जिला ब्लड बैंक प्रभारी सत्येंद्र सिंह राठौड़, जिला ब्लड प्रबंधक दुर्गेश मीणा, जिला महासचिव सफलता मुजावदिया, रामपुरा तहसील अध्यक्ष नितिन घावरी, उपाध्यक्ष विष्णु मालवीय, सहसचिव यशवंत रेंगर, मीडिया प्रभारी प्रहलाद सहित संस्था की रामपुरा टीम ईकाई के पदाधिकारी उपस्थित थे।