नीमच। कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अरविंद बागड़ी ने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वोट चोरी हो रही है, जिसका खुलासा कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर चुके हैं। इस गंभीर मुद्दे पर चुनाव आयोग मौन है, इसलिए इसे घर-घर तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए कांग्रेस द्वारा देशव्यापी “वोट चोर गद्दी छोड़ो” हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
वे रविवार को गांधी भवन, नीमच में आयोजित जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का उद्देश्य संगठन की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा करना था। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने की।
बैठक में BLA-2 नियुक्ति, मतदाता सूची गहन परीक्षण (SIR), टिफिन पार्टी, और मंडलम स्तर की बैठकों पर चर्चा की गई।
बागड़ी ने कहा कि उन्हें संगठन ने सिर्फ चुनाव प्रबंधन के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा को हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से भेजा है। उनका दायित्व है कि प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य का आकलन कर निष्पक्ष रूप से उसकी आवाज को भोपाल और दिल्ली तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को गद्दी से हटाने का समय आ गया है।
बैठक को पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अब संगठन के पुनर्निर्माण के प्रति गंभीर है और राष्ट्रीय मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाना आवश्यक है। नीमच विधानसभा प्रभारी यूसुफ कड़पा ने कहा कि सभी मंडलम अध्यक्ष और प्रभारी हस्ताक्षर अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार, कांग्रेस नेता समंदर पटेल, और कांग्रेस नेत्री मधु बंसल ने भी अपने विचार रखे।
स्वागत भाषण में जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि कांग्रेस को मजबूत बनाए और राहुल गांधी द्वारा उजागर किए गए वोट चोरी के मुद्दे को जनता तक पहुंचाए। उन्होंने भाजपा सरकार की गलत नीतियों के विरोध में मुखर होने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद चौपड़ा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद दक, राकेश अहीर, महेंद्र मोनू लोक्स, बलवंत पाटीदार, विनोद सिंह, ओमप्रकाश राव, गोविंद सिंह, मनीष जैन, श्याम सोनी, राजू गरासिया, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पृथ्वीसिंह वर्मा ने किया और आभार जिला संगठन मंत्री ब्रजेश मित्तल ने व्यक्त किया।