नीमच। आम आदमी पार्टी के इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने प्रदेश की डबल इंजन भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विकास के दावे करने वाली सरकार के राज में आज हालात इतने बदतर हैं कि शव को ले जाने के लिए वाहन तक उपलब्ध नहीं, जबकि सरकार एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाओं के दावे करती है।
अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में कई बार प्रसूता महिलाओं को ठेलागाड़ी में ले जाना पड़ा और शवों को बांस के सहारे चादर में लपेटकर ढोना पड़ा, जो प्रशासन की असंवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हाल ही में शहडोल जिले के ब्योहारी क्षेत्र में दलदल भरे रास्ते में एक महिला की मृत्यु के बाद 108 एम्बुलेंस और शव वाहन के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों को शव को चादर में लपेटकर लकड़ी के सहारे ले जाना पड़ा।
इसी प्रकार, श्योपुर जिले के सिरसौंद गांव में किसान कैलाश मीणा ने फसल खराब होने, मुआवजा और फसल बीमा न मिलने के कारण आत्महत्या कर ली। अग्रवाल ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि किसानों की आय दुगनी करने का सरकार का वादा सिर्फ छलावा है। बढ़ती लागत और गलत नीतियों के चलते किसान कर्ज में डूबकर असमय मौत को गले लगाने को विवश हो रहे हैं।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जब प्रदेश में जनता पीड़ा झेल रही है, तब मुख्यमंत्री और मंत्री सत्ता की राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब प्रदेश की जनता को यह तय करना होगा कि वे किस प्रकार की असंवेदनशील सरकार का चयन कर रहे हैं।