नीमच। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती पचमढ़ी में शुरू हुए कांग्रेस के राज्य स्तरीय रणनीतिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंचे हैं। यह 10 दिवसीय शिविर (2 से 11 नवंबर) संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बाहेती ने नीमच से रवाना होने से पूर्व कहा कि, “यह शिविर संगठनात्मक एकता, जमीनी जुड़ाव और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण की दिशा में नया अध्याय लिखेगा।”
इस शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही शशिकांत सेथिल, के.सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश और पवन खेड़ा सहित वरिष्ठ नेता विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। राज्य स्तर पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रशिक्षण सत्रों में शामिल रहेंगे।
शिविर में बूथ प्रबंधन, संगठन सुदृढ़ीकरण, सोशल मीडिया रणनीति और जनसंपर्क के नए तरीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल संगठन सुदृढ़ीकरण नहीं, बल्कि पार्टी की भावी रणनीति निर्माण का भी मंच बनेगा।
तरुण बाहेती ने कहा कि, “शिविर में प्राप्त अनुभवों के आधार पर नीमच जिले में संगठन को मजबूत करने, युवा कार्यकर्ताओं की नई पौध तैयार करने और बूथ स्तर तक कांग्रेस को खड़ा करने का कार्य किया जाएगा।