नीमच। शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से महिलाओं की चेन लूटने की वारदातों से फैली दहशत के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नीमच पुलिस ने शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की सक्रियता और सटीक रणनीति से यह खुलासा संभव हुआ।

शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अंकित जायसवाल ने जानकारी दी कि सितंबर की शुरुआत में सरवानिया महाराज और नीमच शहर में लगातार दो दिनों में तीन चेन स्नेचिंग की घटनाएँ हुई थीं। हेलमेट और मास्क पहने एक युवक पलक झपकते ही महिलाओं के गले से चेन खींचकर फरार हो जाता था।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसपी जायसवाल ने थाना नीमच कैंट, नीमच सिटी और सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध बाइक सवार की पहचान होने के बाद पुलिस ने मनासा, जावद, मल्हारगढ़, मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ तक सर्च अभियान चलाया।

लंबी जांच और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने आखिरकार 02 नवम्बर को भरमडिया फंटा के पास आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयेश उर्फ जीतू पिता गिरजाशंकर मालवीय (31), निवासी ग्राम कंजार्डा, थाना मनासा, जिला नीमच के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने 05 और 07 सितंबर को हुई दोनों चेन स्नेचिंग की वारदातें कबूल कीं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नशे का आदी है और नशे के पैसों की व्यवस्था के लिए लूट करता था। चोरी की गई सोने की चेनें वह राजेश पिता घनश्याम सोनी, निवासी ग्राम जावी को बेच देता था। पुलिस ने इस सह-आरोपी राजेश सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन सोने की चेनें और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी-44-जेडई-6997) बरामद की है। एसपी जायसवाल ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदलता था और ग्रामीण रास्तों से भाग निकलता था, जिससे उसका पीछा करना कठिन हो जाता था। पुलिस टीम की इस सफलता पर जिलेभर में सराहना की जा रही है।
