नीमच। इंदौर में आयोजित 53वीं राज्य स्तरीय मिनी वर्ग तैराकी प्रतियोगिता में नीमच जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक (1 स्वर्ण, 5 रजत और 13 कांस्य) जीतकर इतिहास रच दिया। टीम ने यह सफलता नीमच जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी के निर्देशन और कोच आयुष गौड़ के नेतृत्व में हासिल की।
नमन गहलोत बने स्टार परफॉर्मर-
नीमच के नमन गहलोत ने सर्वाधिक पदक जीतकर प्रतियोगिता में सबका ध्यान खींचा। उन्होंने 100 मीटर फ्री स्टाइल किक में गोल्ड, 100 मीटर बैक स्ट्रोक व 100 मीटर बैक स्ट्रोक किक में सिल्वर, तथा अन्य चार स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किए।
छवि और आरव की रफ्तार ने जीता दिल
छवि सपना बैरागी ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक किक और 100 मीटर फ्री स्टाइल किक में दो रजत पदक जीते, जबकि आरव चित्रा बाफना ने 200 आईएम में रजत और टीम इवेंट्स में दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
रिले मुकाबलों में टीमवर्क का जलवा
रिले इवेंट्स में निद्धिश्वरम राठौड़, सिद्धिका यादव, भव्यांश पटेल, हरमन कौर, प्रकृति पाटीदार और समृद्धि झंवर ने शानदार तालमेल दिखाते हुए कई कांस्य पदक जीते।
“नीमच के लिए गर्व का क्षण” - अशोक मोदी
संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। कोच आयुष गौड़ और पूरी कोचिंग टीम का योगदान सराहनीय है। यह जीत नीमच के खेल इतिहास में सुनहरा अध्याय जोड़ेगी।”
प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का नीमच में जोरदार स्वागत किया गया। अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने फूलमालाओं से उनका सम्मान किया।
नीमच की मेडल टैली-
गोल्ड — 1
सिल्वर — 5
ब्रॉन्ज़ — 13
कुल — 19 मेडल
इस उपलब्धि से नीमच के युवा तैराकों में नया उत्साह जागा है। अब उनका लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नीमच का परचम लहराना है।