नीमच। कृषि विज्ञान केन्द्र, नीमच की 39वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक 3 नवम्बर 2025 को हाइब्रिड मोड में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता डा. एच. पी. सिंह, प्रभारी अधिष्ठाता, उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर ने की, जबकि डा. अखिलेश सिंह (राविसिंकृविवि, ग्वालियर) एवं डा. ए. ए. राउत (अटारी, जबलपुर) मुख्य अतिथि रहे।
बैठक में केवीके नीमच, मंदसौर एवं जावरा के वैज्ञानिकों के साथ कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सिंचाई, वन, मत्स्य, उपज मंडी, दुग्ध संघ, बैंक, एफपीओ, एनजीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान/किसान महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डा. सी. पी. पचौरी ने स्वागत करते हुए केन्द्र की गत छह माह की गतिविधियों व उपलब्धियों की जानकारी दी और रबी 2025-26 की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
बैठक में अधिकारियों ने केन्द्र के कार्यों की सराहना करते हुए प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप रणनीति बनाने तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना व राष्ट्रीय दलहन मिशन पर विशेष ध्यान देने के सुझाव दिए।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक डा. पी. एस. नरुका, डा. एस. एस. सारंगदेवोत, डा. शिल्पी वर्मा, डा. जे. पी. सिंह एवं श्रीमती संयुक्ता पाण्डे का विशेष योगदान रहा। बैठक का समापन डा. सी. पी. पचौरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।