देवास। जिले में स्वास्थ्य विभाग की सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लगातार ज्यादा शिकायतें लम्बित होने पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की लम्बित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा जिला पंचायत देवास के सभागार में की। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक, सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. परमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष कोतकर, समस्त विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड विस्तार प्रशिक्षक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, विकास खंड कम्युनिटी मोबिलाइजर, सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचवी, एएनएम एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सहित संबंधित उपस्थित थे।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा ने 50 दिवस से अधिक समय के लम्बित सभी प्रकरणों जानकारी ली और सम्बंधित ब्लॉक के बीएमओ, बीपीएम द्वारा क्या कार्यवाही की गई, इसकी विस्तृत समीक्षा कर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये। प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों द्वारा बार-बार प्रकरणों की अनदेखी की जा रही है, उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये जायें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करना होगा।
डिप्टी कलेक्टर शर्मा ने समीक्षा के दौरान प्रकरणों के निराकरण और समयबद्व कार्यवाही नहीं करने पर विकासखंड बरोठा की एएनएम विजय रोजस्कर, विकासखण्ड बागली के बीपीएम रतन सिंह जामले, एएनएम प्रिया मरमट, एएनएम रमा बघेल, एएनएम रेखा मालवी, डाटा एंट्री ऑपरेटर दीपक पाटीदार, विकासखंड सोनकच्छ बीपीएम दीपक चौहान, एएनएम सुनीता वर्मा, सीएचओ सोनाली पाटीदार, एएनएम गंगा भावसार, एएनएम मनीषा कुकड़ेश्वर, एएनएम संगीता कुशवाहा, डाटा एंट्री ऑपरेटर दीपक गायकवाड, विकासखंड कन्नौद के प्रदीप पवार बीपीएम, एएनएम अलका रंगारे, एएनएम बबीता काकोडिया, डाटा एंट्री ऑपरेटर बलराम बेनीवाल को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये।
डिप्टी कलेक्टर शर्मा ने निर्देश दिये कि सभी विकासखंडों में बीएमओ द्वारा प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जन स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने के लिए हमें एकजुट होकर संपूर्ण प्रयास करना होंगे।