नीमच। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें नीमच जिले से मनमोहनसिंह शक्तावत ‘मन्नु बना बांगरेड़’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की है। ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से हुए इस चुनाव में मन्नु बना ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जबरदस्त जीत दर्ज की।
ऑनलाइन वोटिंग में युवाओं का उत्साह-
इस चुनावी प्रक्रिया में नीमच जिला युवा कांग्रेस के हजारों सदस्यों ने मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन वोटिंग में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जून माह में शुरू हुई इस लंबी प्रक्रिया के परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए गए।
नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी भी घोषित-
मनमोहनसिंह शक्तावत की जीत के साथ ही जिला युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी भी घोषित हुई। इसमें वैभव अहीर, महेश यादव और अर्जुन गुर्जर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राहुल जैन और राहुल अहीर को जिला सचिव पद पर चुना गया है।
“कांग्रेस को मज़बूत करने की दिशा में करेंगे काम” मन्नु बना-
वॉइस ऑफ एमपी से चर्चा में नव-निर्वाचित अध्यक्ष मनमोहन सिंह शक्तावत ने कहा कि यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि जिले के हर युवा कार्यकर्ता की जीत है। हम कांग्रेस को मज़बूत करने और युवाओं को जोड़ने के लिए जोरदार अभियान शुरू करेंगे। युवा कांग्रेस आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देगी।
कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर-
मन्नु बना की जीत की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें फूलमालाओं से स्वागत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके उज्जवल कार्यकाल की कामना की।