नीमच। पचमढ़ी में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जारी है, जिसमें प्रदेश के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक और रणनीतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भाग लिया। विशेष बात यह रही कि राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों एवं पार्टी नेताओं के साथ जमीन पर बैठकर संवाद किया। शिविर के दौरान उन्होंने जिलाध्यक्षों के परिवारों से भी मुलाकात की। इसी क्रम में उन्होंने नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के परिवार से भी आत्मीय चर्चा की।
आप चिंता न करें, मैं स्वयं आपके काम पर नज़र रखूंगा- राहुल गांधी
जिलाध्यक्षों से चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अक्सर कार्यकर्ताओं के मन में यह आशंका रहती है कि उनके कार्य का मूल्यांकन होगा या नहीं। उन्होंने कहा आप रिपोर्टिंग और इवैल्यूएशन की चिंता मत कीजिए। मैं व्यक्तिगत रूप से आपके काम पर नज़र रखूंगा। आप सिर्फ जमीन पर मेहनत करते रहिए। आपकी चिंता पार्टी और हम करेंगे।
उन्होंने कहा कि जो लोग उनके खिलाफ बोलते हैं, वे उनके “गुरु” की तरह हैं। मेरे बारे में कौन क्या कहता है, मैं इसकी परवाह नहीं करता। ध्यान भटकाने के लिए लोग बोलते हैं। यदि आपके बारे में भी कोई कुछ कहे तो आप उसकी परवाह न करें और जमीन से जुड़े रहकर काम करें। सफलता खुद चलकर आएगी।
जिलाध्यक्षों के परिवारों से की व्यक्तिगत चर्चा
शिविर में राहुल गांधी ने सभी जिलाध्यक्षों के परिवारजनों से एक-एक कर मुलाकात की। उन्होंने जिलाध्यक्षों के बच्चों से पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के लक्ष्य के संबंध में जानकारी ली। परिवारों के साथ यह अनौपचारिक बातचीत शिविर का विशेष आकर्षण रही।
नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा राहुल जी से पारिवारिक रूप से मिलने का अनुभव बेहद आत्मीय रहा। पहली बार ऐसा लगा कि हम किसी राजनीतिक प्रशिक्षण में नहीं बल्कि परिवार के बीच बैठे हैं। अब तक नेताओं से सिर्फ काम की बात होती थी, लेकिन आज पहली बार हमारे परिवार का हालचाल खुद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पूछा है। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा- राहुल जी की सरलता, संवेदनशीलता और सच्चाई की राजनीति पर उनका फोकस हर कार्यकर्ता और परिवार के भीतर नई ऊर्जा का संचार करता है।