नीमच। बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की शानदार जीत का जश्न आज नीमच स्थित भाजपा कार्यालय ‘तपोभूमि’ में जोरदार उत्साह के साथ मनाया गया। जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यालय परिसर आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयाँ दीं।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने एनडीए की जीत को सुशासन और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए लागू की गई योजनाओं ने जनता का विश्वास और अधिक मजबूत किया है, जिसका प्रभाव चुनाव परिणामों में स्पष्ट दिखाई देता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने भी इस जीत को शीर्ष नेतृत्व की रणनीति और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, हेमलता धाकड़, लोकेश चांगल, ललित ग्वाला, विनोद नागदा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।