मनासा। क्षेत्र में कबड्डी की राजधानी के नाम से पहचाने जाने वाले ग्राम भाटखेड़ी में आगामी 25 दिसंबर को जागृति क्लब भाटखेड़ी द्वारा 25वीं अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का विराट आयोजन किया जाएगा। जागरति क्लब के बैनर तले भाटखेड़ी की धरती प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश को कई नामी-गिरामी खिलाड़ी दे चुकी है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन किया है।
जागृति क्लब के संरक्षक रमेश जोशी, अध्यक्ष कैलाश कारपेंटर तथा सचिव आयुष जोशी ने बताया कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के आयोजन हेतु ऑल इंडिया कबड्डी फेडरेशन एवं मप्र एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि देश की ख्याति प्राप्त टीमों हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, कोलकाता, गाजियाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मेरठ, पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, भोपाल, इंदौर, उज्जैन आदि की भागीदारी की स्वीकृति मिल चुकी है।
आकर्षक पुरस्कार राशि-
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
उपविजेता टीम - 61 हजार रुपये
तृतीय स्थान - 31 हजार रुपये
बेस्ट रेडर, बेस्ट कैचर और बेस्ट ऑलराउंडर - 11-11 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किए जाएंगे।
जागृति क्लब द्वारा प्रतियोगिता की सफलता हेतु व्यापक तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
क्लब पदाधिकारियों की अपील
प्रतियोगिता आयोजन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी- मुलचंद जोशी (संगठन मंत्री), कैलाश लुवानिया, मनीष पाटीदार (सह संगठन मंत्री), उपाध्यक्ष हरिवल्लभ पाटीदार, दिनेश प्रजापति, कोषाध्यक्ष दिनेश जोशी व भरत पुरोहित, सह सचिव बंटी सोनी, टीम मैनेजर राजेंद्र जोशी, कोच कचरूलाल कछावा, कप्तान सुनील सिंह गेहलोद, उपकप्तान अनिल कारपेंटर, मीडिया प्रभारी महेश कुशवाह व धर्मेंद्र सिंह चौहान ने जिले एवं क्षेत्र के सभी खेल-प्रेमियों से इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।