गरोठ/सुवासरा। सुवासरा पुलिस ने कथित भूमाफिया अमजद खान के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया है। मामला वर्ष 2021 का है, जिसमें अमजद खान पर शासकीय भूमि को निजी बताते हुए बेचने का आरोप है। आरोपी सुवासरा निवासी नूर मोहम्मद खान पठान का बेटा है।
शासकीय जमीन को निजी बताकर बेचा-
फरियादी रमेश पिता हीरालाल अहिरवार निवासी बसई ने पुलिस को बताया कि 1 फरवरी 2021 को अमजद खान ने उसे सर्वे नंबर 1077/1/38/1/1/1 की जमीन प्लॉट बताकर 5 लाख 53 हजार रुपए में रजिस्ट्री कराई थी। रजिस्ट्री क्रमांक MP249412021A1106149 है।
बाद में राजस्व विभाग द्वारा जमीन का स्थल निरीक्षण कराने पर पता चला कि वह शासकीय भूमि है। राजस्व विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीमांकन कर खंभे गाड़े और कब्जा रोक दिया। इसके बाद फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में प्रकरण दर्ज
सुवासरा पुलिस ने अमजद खान के विरुद्ध निम्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है-
IPC 420 (धोखाधड़ी)
BNS एक्ट की धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3)
SC/ST एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)घ, 3(2)(va)
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इसी तरह की अन्य शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं।
अन्य मामलों में भी नाम-
हाल ही में मनीष व्यास आत्महत्या मामले में भी अमजद खान का नाम सामने आया था। उस प्रकरण में जनविरोध और चक्काजाम के बाद भाजपा ने अमजद खान को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। साथ ही शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया था।
आरोपी फरार, पुलिस दे रही दबिश-
फिलहाल अमजद खान फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी रखे हुए है।