चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में गुरुवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) सुनील कुमार गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, मूल अधिकारों, कर्तव्यों तथा विभिन्न विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार और सजग नागरिक बन सकें।
कानून हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा - एडीजे गोयल
अपने संबोधन में सुनील कुमार गोयल ने कहा कि कानून केवल न्यायालय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध, बाल संरक्षण कानून, लैंगिक समानता, नशा उन्मूलन, यातायात नियम और मानवाधिकार जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के प्रति भी आगाह किया और बताया कि ऑनलाइन लापरवाही कई बार गंभीर कानूनी परिणाम दे सकती है।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, मिला सरल समाधान-
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने न्यायपालिका की कार्यप्रणाली, एफआईआर, उपभोक्ता अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सरल और प्रभावी तरीके से उत्तर दिया। मंच संचालन कैडेट परीक्षित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कैडेट मयंक विश्वकर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संयोजक सामाजिक विज्ञान के शिक्षक चंद्रप्रकाश गोयल रहे।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत, प्रो बीएमओ अधिवक्ता संदीप सेठिया, ट्रेनी मजिस्ट्रेट नवीन कुमार, ऐकता सेहरा, तनवी, शैली वर्मा, सना चौहान, लक्ष्य वाधवा, कोमल खत्री, सामाजिक कार्यकर्ता विजय मलकानी, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।