प्रतापगढ़। स्वच्छता पखवाड़े के तहत अरनोद उपखंड की ग्राम पंचायतों में गुरुवार को निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा ने ग्राम पंचायत फतेहगढ़ और लुपड़ी में विभिन्न स्वच्छता एवं विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने फलदार वाटिका में वृक्षारोपण कार्य, नर्सरी, सामुदायिक शौचालय, कचरा संग्रहण केंद्र (आरआरसी) सहित स्वच्छता से जुड़े अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत निर्धारित सभी गतिविधियाँ 7 दिनों में पूर्ण की जाएं।
इस दौरान फतेहगढ़ ग्राम पंचायत के प्रशासक भेरूलाल मीणा, ग्राम विकास अधिकारी रतनलाल मीणा, लुपड़ी ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी विदित सिंह राव सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सूचना स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक समन्वयक पुनमचंद मालवीय द्वारा प्रदान की गई।