प्रतापगढ़। जलोदा जागीर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 क्विंटल 55 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 38 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार जलोदा-बम्बोरी मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज से करीब 400 मीटर आगे एक सफेद मारुति ईको संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। उसके पीछे एक सफेद टीयूवी-300 (आरजे 27 यूसी 3355) को रस्सी से टोचन किया जा रहा था। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर ईको चालक ने गाड़ी रोक दी, लेकिन टीयूवी-300 में बैठे दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। ईको चालक ने भी भागने का प्रयास किया, किंतु पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर टीयूवी-300 में प्लास्टिक के 20 कट्टों में भरा 255.245 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से सुनील (25) निवासी चांदोली को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों वाहनों-मारुति ईको और टीयूवी- 300 को भी जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा जारी है।