सोनकच्छ। नगर परिषद फिल्टर प्लांट स्थित सीएमओ अमरदास सैनानी के शासकीय आवास पर बुधवार को वार्ड 5 के पार्षद पति संदीप गुप्ता और सीएमओ के बीच तीखी बहसबाजी हो गई। मामला बढ़ने पर सीएमओ ने पुलिस व तहसीलदार को सूचना दी। पुलिस नहीं पहुंची, लेकिन तहसीलदार संजय गर्ग मौके पर पहुंचे।
पार्षद पति गुप्ता का कहना है कि उनके द्वारा रखे गए कर्मचारी का 7 महीने का वेतन (35 हजार) सीएमओ नहीं निकाल रहे और वार्ड में नाली, सड़क व सफाई व्यवस्था भी ठप पड़ी है। बात करने पहुंचे तो सीएमओ ने अभद्रता की और एफआईआर की धमकी दी।
सीएमओ सैनानी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी नगर परिषद का नहीं है, इसलिए वेतन नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने अभद्रता के आरोपों को खारिज किया और बताया कि वार्ड के कार्य जल्द शुरू होंगे।
तहसीलदार के सामने काफी देर बहसबाजी हुई, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। तहसीलदार ने दोनों को बैठकर बातचीत से समाधान निकालने की सलाह दी।