देवास। आईएएस संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ और संपूर्ण ब्राह्मण समाज ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज, उसकी संस्कृति, सामाजिक मर्यादा और परंपराओं को लक्ष्य करते हुए अमर्यादित टिप्पणी की है, जिससे समाज में गहरा आक्रोश है। महासंघ ने आईएएस अधिकारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष समिति गठित करने और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की है।
महासंघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर उचित और सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है, तो देवास सहित पूरे मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही समाज ने संतोष वर्मा से सार्वजनिक रूप से लिखित और मौखिक क्षमा याचना करवाने तथा उन्हें तुरंत बर्खास्त करने की भी मांग रखी।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि ब्राह्मण बेटियों पर की गई टिप्पणी के खिलाफ प्रदेशभर में लगातार विरोध हो रहा है और जब तक दोषी पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।